बेगूसराय। बेगूसराय से लोकसभा का चुनाव लड़ रहे कन्हैया कुमार ने उन सभी पार्टियों को निशाने पर लिया जो बलात्कार के आरोपियों को पार्टी से नहीं निकालती, बल्कि कुछ मामले में उन्हें टिकट तक दे देती है। हालांकि कन्हैया ने किसी पार्टी या प्रत्याशी का नाम नहीं लिया, लेकिन लालू यादव की पार्टी की राजद की तरफ से बलात्कार के आरोपी राजबल्लभ यादव की पत्नी को टिकट दिया गया है। तो ऐसे में क्या ये माना जाए कि कन्हैया ने राजद को इस मामले में निशाने पर लिया है। बहरहाल कन्हैया ने जो लिखा है वह इस तरह से है –
★कन्हैया कुमार –
माँ हम बेटों के लिए सब कुछ करती हैं, लेकिन क्या हम समाज के तौर पर उनके प्रति अपनी ज़िम्मेदारी ठीक से निभाते हैं?
जब कई राज्यों और केंद्र में सत्ता पर बैठी पार्टी बलात्कार के आरोपियों को पार्टी से निकालने तक से मना कर देती है, तो लड़कियों, माताओं, बहनों आदि के लिए देश न केवल असुरक्षित हो जाता है बल्कि उन्हें घुटन का भी एहसास होने लगता है। हम युवा ऐसे दौर में हाथ पर हाथ धरे बैठकर नहीं रह सकते। हम आधी आबादी के अधिकारों की लड़ाई में शामिल होने के लिए बार-बार सड़कों पर निकलेंगे। माँ की ममता और बहन के स्नेह की केवल बातें करने से कुछ हासिल नहीं होगा। हम बराबरी के मूल्यों को अपनी ज़िंदगी में अपनाकर ही सच्चे इंसान बन पाएँगे।




