देहरादून. परिवार और समाज का नाम रौशन करने में लड़कियां किसी भी तरह से लड़कों से पीछे नहीं. इसी को साबित किया है नेहुल त्यागी ने. उन्होंने मिस उत्तराखंड वर्ल्ड वाइड का खिताब जीतकर अपने समाज का नाम रौशन किया है. इससे वे अब मिस इंडिया में बतौर प्रतियोगी भाग ले सकेंगी जिसकी ग्रूमिंग क्लासेस जून से शुरू होगी.
देहरादून में हुई प्रतियोगिता में रुड़की निवासी नेहुल ने पहली बार ही भाग लिया था और सबको पीछे छोड़कर टॉप पोजीशन हासिल करने में सफल रही. नेहुल के लिए इस प्रतियोगिता को जीतना मील का पत्थर इसलिए भी है क्योंकि वे ग्लैमर वर्ल्ड और अभिनय के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती हैं. उनकी सफलता का श्रेय काफी हदतक उनके माता-पिता जगदीप त्यागी और सुषमा त्यागी को जाता है.
नेहुल त्यागी ने रुड़की के आर्य कन्या पाठशाला से हाईस्कूल और इंटर करने वाली नेहुल ने देहरादून के डीएवी पीजी कॉलेज से ग्रेजुएशन किया है. इसके बाद वे रुड़की आईआईटी में सिविल विभाग में प्रोजेक्ट एडमिन के रूप में काम करने लगीं. इसके साथ ही उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से एमबीए भी शुरू कर दिया. इसी बीच उन्हें एक्टिंग व ग्लैमर का क्षेत्र आकर्षित करने लगा.
फिर उन्होंने बड़े भाई के रूप में रास्ता दिखाने वाले अमित अरोड़ा और आईआईटी के प्रो. सतेंद्र मित्तल ने मिस उत्तराखड प्रतियोगिता की जानकारी दी. इस प्रतियोगिता में देहरादून के सालिटियर होटल में 20 मई को हुई प्रतियोगिता के पहले चरण में करीब 400 युवक-युवतियां शामिल हुई. विभिन्न प्रतियोगिताओं के बाद उन्हें मिस उत्तराखंड वर्ल्ड वाइड के साथ ही मिस मीडिया च्वाइस का टाइटल दिया गया.








