बाहुबली विधायक अनंत सिंह की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही. अब उनपर एक और हत्या का आरोप लगा है. उनपर बाढ़ रेल थाने में हत्या को लेकर केस दर्ज किया गया है. रविवार देर रात बाढ़ रेल स्टेशन पर रामजन्म यादव की हत्या गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
रामजन्म यादव की पत्नी निक्की देवी ने अनंत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. इस मामले में रणबीर यादव को मुख्य अभियुक्त बनाया गया है. जबकि मोकामा विधायक अनंत सिंह पर संदेह जताते हुए साजिश की बात कही गई है. हालाँकि इस मामले में अनंत सिंह ने खुद को निर्दोष बताया है. निक्की देवी ने एफआईआर में कहा है कि आज से कुछ दिन पूर्व मोकमा विधायक अनंत सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस कर कहा था कि एक आईजी ने रामजन्म यादव को एके-47 देकर मेरी हत्या कराना चाहते हैं और मुझे संदेह है कि उनके पति की हत्या में वो भी शामिल हैं.
रामजन्म यादव के भाई ललन कुमार ने बताया कि रणवीर यादव ने ही रामजन्म की गोली मार कर हत्या की है. साजिश करने में विधायक ओर कर्मवीर यादव शामिल हैं. मृतक की पत्नी ने बताया कि हत्या करने वालों में 3 से 4 लोग थे जिसमें रणवीर यादव को मैं पहचान रही थी.
उधर अनंत सिंह ने खुद को बेकसूर बताते हुए सीबीआई जांच की मांग की है. उन्होंने कहा कि जब भी मेरे इलाके में कोई हत्या होती है तो राजनीतिक साजिश के तहत मुझे जबरन फंसाने की कोशिश की जाती है. अनंत ने कहा कि मृतक की पत्नी मेरा नाम भी नहीं जानती है ऐसे में उसका मेरे उपर आरोप लगाना हास्यपद है. उन्होंने बताया कि मृतक के उपर पहले से ही कई आपराधिक मामले थे और वो पैसे लेकर लोगों की हत्या करता था.




