मुहम्मदाबाद (गाजीपुर) : विधायक स्व.कृष्णानंद राय सहित सात साथियों की नौवीं पुण्य तिथि शहीद पार्क में शनिवार को शहादत दिवस के रूप में मनी। मुख्य अतिथि केंद्र सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग राज्यमंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि इस क्षेत्र के लोगों को आजादी दिलाने के लिए डा. शिवपूजन राय सहित आठ लोगों ने अपनी शहादत दी तो आतंकवाद का खात्मा करने के लिए विधायक कृष्णानंद राय ने अपने छह साथियों के साथ।
कहा कि हम लोकतंत्र में विश्वास रखते हैं और लोकतांत्रिक ढंग से आतंकवाद का खात्मा पूरे देश से करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी विकास एवं सुशासन के पर्याय बने हुए हैं। अमेरिका, जापान, आस्ट्रेलिया, चीन, नेपाल, भूटान आदि देशों में भारत की जय जयकार हो रही है। पहले भाजपा शासित भारत की सरकार ने आतंकवाद का संज्ञान अमेरिका को दिलाया था लेकिन जब वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर हमला हुआ तब जाकर उसे दर्द का एहसास हुआ। कहा कि किसी भी शहीदों की शहादत बेकार नहीं जाएगी। युवाओं से स्व.कृष्णानंद के उद्देश्यों को अपनी आत्मा में रखकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। युवा शपथ लेकर जाएं कि कृष्णानंद के उद्देश्य को 2017 के चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान कर वर्तमान सरकार को बदलने का कार्य करेंगे।
रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने कहा कि वह कृष्णानंद राय सहित उनके शहीद साथियों की लड़ाई को अंतिम मुकाम तक पहुंचाकर ही दम लेंगे। इस घटना में शामिल आरोपियों को सजा दिलवाकर ही मानेंगे। उन्होंने कृष्णानंद हत्याकांड से संबंधित मामलों की सुनवाई को लेकर तय हुई तारीख से लोगों को अवगत कराया।
कौशल विकास केंद्र खोलने की घोषणा
रेल राज्यमंत्री श्री सिन्हा ने कहा कि विधायक स्व.कृष्णानंद राय की स्मृति में इस क्षेत्र में कौशल विकास केंद्र की स्थापना होगी। क्योंकि जिस काम को कृष्णानंद राय ने शुरू किया था उसे इस केंद्र के माध्यम से अंजाम तक पहुंचाया जाएगा।
सांसद भरत सिंह, चंदौली विधायक सुशील सिंह, नगर निगम वाराणसी के मेयर रामगोपाल मोहले, विधायक उपेंद्र तिवारी, बिहार के विधायक रामायण राम मांझी, पशुपति नाथ राय, बाबूलाल बलवंत, शारदा चौहान, विजय शंकर, वीरेंद्र राय, विजेंद्र राय, रामबहादुर सिंह, दिनेश अग्रवाल, ओमप्रकाश राय आदि ने विचार व्यक्त किया। अध्यक्षता अनिरूद्ध राय व संचालन सुनील सिंह ने किया। जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने आभार ज्ञापित किया। उधर कृष्णानंद राय के शहादत स्थल बसनियां चट्टी पर उनके बड़े भाई रामनरायन राय ने दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धांजलि दी।
टूटा दलीय बंधन
विधायक स्व. कृष्णानंद राय की शहादत दिवस समारोह में दलीय बंधन तोड़कर राजनीतिज्ञों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर सपा नेता ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि अवधेश राय, अंबिका यादव, रामअवतार शर्मा, संतोष राय, बसपा नेता विनोद राय आदि ने भी शहीद पार्क व बसनियां स्थित स्तंभ के पास पहुंचकर अपनी श्रद्धा सुमन अर्पित की।
छोटे बेटे ने संभाल रखी थी जिम्मेदारी
विधायक अलका राय के किसी विशेष कार्यवश अन्यत्र जाने से शहादत दिवस कार्यक्रम की पूरी जिम्मेदारी उनके छोटे पुत्र पीयूष राय ने संभाल रखी थी। कार्यक्रम स्थल पर आने वाले सभी लोगों को आदर पूर्वक यथा स्थान तक ले जाते। उनके भतीजे आनंद राय मुन्ना व मनोज राय आदि भी मौजूद थे।
(दैनिक जागरण से साभार)


