नयी दिल्ली। स्रोत – सहारा

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनके राजनीतिक सहयोगी ललन सिंह के खिलाफ चुनावी सभा में अपशब्दों के इस्तेमाल को गंभीरता से लेते हुए इसकी शिकायत राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में दर्ज करायी गई है।राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सूत्रों ने इस आश्य की शिकायत मिलने की पुष्टि की है।अखिल भारतीय भूमिहार ब्राह्मण महासंघ के अध्यक्ष मनीष कुमार शेखर ने बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के खिलाफ राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में यह शिकायत दर्ज करायी है।शेखर ने अपनी शिकायत में कहा है कि राबड़ी ने बिहार प्रदेश जद ‘यू’ अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया।उल्लेखनीय है कि राबड़ी देवी ने हाल ही में एक चुनावी सभा में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और ललन सिंह को कथित रूप से एक दूसरे का साला बताया था।