brahmeshwar mukhiya

पटना| राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने रणवीर सेना के प्रमुख ब्रह्मेश्वर सिंह मुखिया की हत्या की जांच केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग की है। लालू ने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था की स्थिति समाप्त हो गई है। पटना में राजद कार्यालय में मंगलवार को पार्टी सदस्यता अभियान की शुरुआत करते हुए उन्होंने कहा कि यह अभियान एक वर्ष तक चलेगा जिसमें एक करोड़ लोगों को पार्टी के सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि राजद का सांगठनिक चुनाव अगले वर्ष के प्रारंभ में होना है।

लालू ने कहा कि मुखिया हत्याकांड की जांच के लिए एक टीम का गठन किया गया है जिसका नेतृत्व एक पुलिस उपाधीक्षक स्तर का अधिकारी कर रहा है। आखिर इस दल का क्या औचित्य है। उन्होंने कहा कि ब्रह्मेश्वर हत्याकांड में सीबीआई जांच से नीचे कुछ भी स्वीकार्य नहीं किया जा सकता।

पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि जो स्थिति बनी है उसमें राज्य की कानून व्यवस्था चरमरा गई है। उन्होंने पूछा कि कहां है सुशासन? हालांकि वह कहते हैं कि राजद अपना कार्य करेगा और राज्य की जनता खुद सरकार को पटखनिया देगी।

उन्होंने कहा कि राजद का सदस्यता अभियान और आंदोलन साथ-साथ चलेगा। उन्होंने सतारूढ़ जनता दल युनाइटेड के लोगों पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी में कुछ ऐसे लोग हैं जो टमाटर की तरह किसी भी पार्टी में फिट हो जाते हैं।