मुहम्मदाबाद(गाजीपुर).केंद्रीय रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने कल शहीद कृष्णानंद राय के हत्यारों को खुली चुनौती दी और कहा कि जबतक मेरे खून का एक-एक कतरा शरीर में रहेगा, तब तक मैं कृष्णानंद राय के हत्यारों को चैन से जीने नहीं दूँगा. वे स्वर्गीय कृष्णानंद राय की ग्यारहवीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे.
कार्यक्रम में उन्हें मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया था. इस मौके पर उन्होंने कृष्णानंद राय समेत सात और शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और आतंकवाद मुक्त उत्तरप्रदेश के लिए प्रदेश की जनता का आह्वावाहन किया.
गौरतलब है कि ग्यारह साल पहले 29 नवंबर के दिन ही आतंकियों ने कृष्णानंद राय को गोलियों से छलनी कर दिया था. इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता के रूप में मुख्तार अंसारी का नाम आया और उसी मामले में वो गिरफ्तार भी है.
मनोज सिन्हा ने कहा कि कृष्णानंद राय का मामला दिल्ली के CBI कोर्ट में अंतिम दौर में चल रहा है और जल्द ही इस घटना के आरोपियों को सजा मिलेगी.उन्होंने कहा कि कृष्णानंद राय की हत्या आतंकवाद की देन थी जो तत्कालीन राज्य सरकार के सहयोग से संपन्न हुआ.



