इंदौर.केंद्रीय दूरसंचार मंत्री मनोज सिन्हा का दावा है कि बीएसएनएल अब ‘भाई साहब, नहीं लगेगा’. इसकी सेवायें अब इतनी बेहतरीन हो गयी है कि इसे अब ‘बेहतर सेवा की नयी लगन’ के नाम से जाना जायेगा.उन्होंने एक कार्यक्रम में कहा, ‘किसी जमाने में बीएसएनएल पर (फुल फॉर्म के रूप में) ‘भाई साहब, नहीं लगेगा’ का तमगा लग गया था, लेकिन हमने पिछले दो सालों में इस तमगे को हटाकर इसे ‘बेहतर सेवा की नई लगन’ का नया नाम दिया है. हम इस कम्पनी को विकास के पथ पर और आगे ले जाएंगे.
मनोज सिन्हा ने कहा कि, ‘पिछले दो सालों में हमने नेटवर्क विस्तार और नई तकनीक अपनाने के क्षेत्रों में बीएसएनएल का निवेश काफी बढ़ाया है और अब कम्पनी परिचालन लाभ कमा रही है. आने वाले समय में हम इन क्षेत्रों में और निवेश करेंगे.’ इस मौके पर उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के साथ कई योजनाओं लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जो इस तरह से है
– 1- इंदौर में अत्याधुनिक तकनीकी से सुसज्जित 189 बीटीएस के नेटवर्क का लोकार्पण जिससे यहाँ के उपभोक्ताओं को बेहतर दूरसंचार सेवाएं मिलेगी.
2- 43 NGN(Next Generation Network) दूरभाषा केंद्रों का लोकार्पण , ये आईपी टेक्नोलॉजी से सुसज्जित है जिससे उपभोक्ताओं को विभिन्न प्रकार की नयी सेवायें जैसे वीडियो,इंटरनेट इत्यादि आने वाले समय में मिल सकेगी।
3- इंदौर जोन के तीव्रगति इंटरनेट नेटवर्क का लोकार्पण , इससे उपभोक्ताओं को तीव्रगति का इंटरनेट मिल सकेगा। डिजिट इंडिया के लिये तीव्रगति का इंटरनेट होना अत्यंत आवश्यक है ताकि सरकार की विभिन्न सेवायें उपभोक्ताओं तक आसानी से पहुँच सकें।
4- प्रधानमंत्री जी के डिजिट इंडिया के सपनों को पूरा करने की दिशा में इंदौर की भारतनेट परियोजना, जिसमे 320 ग्रामपंचायतें आती हैं,उनका लोकार्पण किया। गाँव-गाँव तक तीव्रगति की इंटरनेट सेवा मिलने से ग्रामीणक्षेत्र के लोग पूरी दुनिया से विभिन्न सेवाओं को लेने और जानकारी पाने में सक्षम होंगे ।
5- इंदौर जिले में सौरऊर्जा के220KV के सयंत्रों का शिलान्यास ,जिससे वातावरण का संरक्षण होगा और साथ ही साथ बीएसएनएल को भी आर्थिक फायदा होगा ।



