बेगूसराय। बिहार लोकसभा की सबसे चर्चित सीट बन चुकी बेगूसराय से आज कन्हैया कुमार ने नामांकन दाखिल कर दिया। इस मौके पर उनके समर्थकों की भाड़ी भीड़ जमा थी जो रोड शो में शामिल हुई।

इसके पहले कन्हैया ने अपनी माँ का आशीर्वाद लिया और फिर उसके बाद नामांकन के लिए निकले। गौरतलब है बेगूसराय सीट से गिरिराज सिंह और तनवीर हसन भी चुनाव लड़ रहै हैं और मामला त्रिकोणीय हो गया है। किसी की भी जीत के बारे में पूरे विश्वास से कुछ नहीं कहा जा सकता।

कन्हैया ने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया। इस बीच सोशल मीडिया पर उनकी तरफ से ताबड़तोड़ कई पोस्ट आये। एक पोस्ट में वे लिखते हैं – “माँओं के आशीर्वाद और दुआओं के साथ नामांकन के लिए निकल रहा हूँ। यह सीख उनसे ही मिली है कि लक्ष्य चाहे कितना ही बड़ा क्यों न हो अगर हम लगातार कोशिश करें तो जीत ज़रूर मिलती है। और यह भी कि पूरी दुनिया के दुख-दर्द को अपना दुख-दर्द समझना ही इंसान होने की पहली शर्त है।”

दूसरी पोस्ट में कन्हैया व्यंग्यात्मक लहजे में लिखते हैं – “राष्ट्रकवि दिनकर की धरती नफ़रत फैलाकर सियासत करने वालों को कभी पनपने नहीं देगी। उन्हीं के शब्दों में – “जब तक मनुज-मनुज का यह / सुख भाग नहीं सम होगा / शमित न होगा कोलाहल / संघर्ष नहीं कम होगा।”