पटना. जहरीली राजनीति के जहर ने एक और युवा नेता को लील लिया. गोपालगंज जिले के फुलवरिया थाना के मांझा गांव के एक कुएं से कल भारतीय जनता पार्टी के युवा नेता कृष्णा शाही का शव बरामद किया गया. प्राथमिक जांच में उनकी हत्या कर कुंए में फेंक देने की आशंका जताई जा रही है. 
पुलिस के अनुसार, गोपालगंज जिले के हथुआ थाना के चैनपुर गांव निवासी और भाजपा व्यावसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रभारी कृष्णा शाही मंगलवार की रात मांझा गांव निवासी लालबाबू राय के श्राद्धकर्म में भाग लेने वहां गए हुए थे. इसके बाद वे घर नहीं लौटे. चैनपुर पंचायत की मुखिया शांता शाही के पति शाही के लापता होने की सूचना पुलिस को बुधवार सुबह दी गई. 
पुलिस ने जब खोजबीन प्रारंभ की तब उनका शव मांझा गांव के ही एक कुएं से बरामद किया गया है. शव बरामदगी के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है. गुस्साए लोगों ने आरोपी के घर पर हमला कर दिया और तोड़फोड़ की. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शाही मांझा गांव में ही एक व्यक्ति के घर में रात को ठहर गए थे. 
पुलिस ने आशंका जताई है कि शाही की हत्या जहरीला पदार्थ खिलाकर की गई है और हत्या के बाद कुएं में शव फेंका गया है. इस मामले में दो-तीन लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है. 
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने इस संबंध में एक पुरुष और 5 महिलाओं को हिरासत में लिया है. कृष्णा शाही के पिता मैनेजर शाही की भी हत्या हुई थी. 
कृष्णा ने वर्ष 2009 में हथुआ विधानसभा से बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन वे हार गए. वर्ष 2001 से वे चैनपुर पंचायत में मुखिया रहे और वर्तमान में कृष्णा शाही की पत्नी सांता शाही मुखिया हैं. (एजेंसी)

Community Journalism With Courage