पटना 21 अक्टूबर- बिहार केसरी और राज्य के पहले मुख्यमंत्री डाॅ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती आज पूरे प्रदेश हर्ष उल्लास के साथ मनाई गई। मुख्य सचिवालय प्रांगण में स्थित डा. श्रीकृष्ण सिंह के प्रतिमा स्थल के निकट राजकीय समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान उनके व्यक्तित्व, कृतित्व की चर्चा की गई तथा उनके सपनों का बिहार बनाने के संकल्प को दुहराया गया।
वैसे मुख्य कार्यक्रम राजधानी पटना में श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में हो रहा है। वहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और राज्य के शिक्षामंत्री डॉ.अशोक चौधरी सहित राज्य के कई मंत्रियों और विधायकों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
उधर पुराना सचिवालय के पास स्थित उनकी प्रतिमा पर राज्यपाल रामनाथ कोविंद और अन्य लोगों ने भी पुष्पांजलि अर्पित की। इस मौके पर उन्हें बिहार का निर्माता और पहली पंक्ति का राजनेता बताया गया।
कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय सदाकत आश्रम में भी उनकी स्मृति में कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। वहां कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष तथा पार्टी के अन्य पदाधिकारियों व विधायकों-मंत्रियों ने उन्हें श्रद्धासुमन अप्रित किए। उनकी प्रतिमा पर सुबह से ही श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों का तांता लगा हुआ है।
श्रीबाबू के पैतृक गांव शेखपुरा जिले के माउर में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। वहां जिला कांग्रेस कमेटी के वरीय नेताओं ने श्रीबाबू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया है। विभिन्न जिलों में भी श्रीबाबू को श्रद्धांजलि दी जा रही है।
(स्रोत- वार्ता और जागरण)



