ये शीर्षक देखकर आप जरूर चौंक गए होंगे। लेकिन उनके लापता होने की बात हम नहीं बल्कि नवादा में लगे पोस्टर कह रहे हैं। दरअसल केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के क्षेत्र नवादा में जगह-जगह ऐसे पोस्टर लगे पाए गए जिसमें केंद्रीय मंत्री के लापता होने और ढूंढने वाले को 11,000 इनाम देने की बात कही गयी है। निवेदक में क्षेत्रीय जनता का नाम दिया गया है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि सांसद महोदय अपने संसदीय क्षेत्र में कभी नज़र ही नहीं आते।
प्रभात खबर की रिपोर्ट –
गिरिराज सिंह के लापता होने का चिपकाया पोस्टर, खोजने वाले को 11 हजार इनाम की घोषणा
पटना : बिहार के नवादा जिले से सांसद और भाजपा के फायरब्रांड नेता होने के साथ केंद्र में मंत्री गिरिराज सिंह ने सोचा नहीं होगा कि उनके संसदीय क्षेत्र के लोगों ने उन्हें खोजने के लिए इनाम की घोषणा कर देंगे. जी हां, गिरिराज सिंह को लेकर उनके संसदीय क्षेत्र में एक पोस्टर लगवाया गया है. उस पोस्टर में लिखा गया है कि गिरिराज सिंह लापता हैं, और उन्होंने खोजकर लाने वाले को 11 हजार रुपये का इनाम दिया जायेगा. संसदीय क्षेत्र के स्थानीय लोगों का आरोप है कि गिरिराज सिंह अपने क्षेत्र के भ्रमण में नहीं रहते हैं. वह अपने क्षेत्र में नजर नहीं आते हैं. इसलिए उनके संसदीय क्षेत्र में बार-बार इस तरह के पोस्टर लगाये जाते हैं. पोस्टर सामने आने के बाद कई तरह की बातें सामने आ रही हैं, वहीं स्थानीय ग्रामीण उसे देखकर और पढ़कर हंसी उड़ा रहे हैं.
गिरिराज सिंह के लापता होने संबंधी पोस्टर रजौली के इलाके में चिपकाये गये हैं. पोस्टर के साथ यह भी लिखा हुआ है कि नवादा के सांसद गिरिराज सिंह कई सालों से लापता हैं और रजौली के लोगों को नजर नहीं आ रहे. पोस्टर में गिरिराज सिंह के बारे में सूचना देने पर ग्यारह हजार रुपये इनाम की घोषणा भी की गयी है. गिरिराज सिंह के समर्थकों ने इस प्रकरण को विरोधियों की साजिश बताया है और इसे सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का हथकंडा बताया है. समर्थकों की मानें तो गिरिराज सिंह क्षेत्र में सक्रिय रहते हैं. हालांकि, स्थानीय मीडिया में यह खबर चल रही है और अभी तक सांसद की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. लोगों का कहना है कि वह अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर कम रहते हैं. पहले भी इस तरह के पोस्टर उनको लेकर लगाये जा चुके हैं.



