बाहुबली विधायक अनंत सिंह की संपत्ति होगी जब्त : बाहुबली विधायक अनंत सिंह की संपत्ति सरकार जब्त कर सकती है.आर्थिक अपराध इकाई (इओयू) ने प्रवर्तन निदेशालय (इडी) को एक प्रस्ताव भेजा है जिसमें 16 लोगों में मोकामा से निर्दलीय विधायक अनंत सिंह की संपत्ति को जब्त करने की अनुशंसा की गयी है.
प्रीवेंशन ऑफ मनी लाउंड्रिंग एक्ट 2002 के तहत यह प्रस्ताव भेजा गया है.इसमें करोड़ों रुपयों की संपत्ति का पूरा ब्यौरा शामिल है.अब इडी के अधीन पूरा मामला है.वह इसकी समीक्षा करेगी और उचित समझेगी तो कार्रवाई भी करेगी.
मिला-जुलाकर विधायक अनंत सिंह के लिए खतरे की घंटी बज चुकी है और खुलेआम धन और बल का प्रदर्शन अब उन्हें महंगा पड़ सकता है.गौरतलब है कि अपने कारनामों के लिए अनंत काफी मशहूर हैं और उनके प्रशंसक उन्हें छोटे सरकार के नाम से भी पुकारते हैं.लेकिन बिहार सरकार तो अब छोटे सरकार को छोटा ही करने पर तुली है.वैसे बाहुबलियों का यही अंजाम होता है चाहे वे किसी भी समुदाय से क्यों न हो.



