भाषा।। पूर्व केन्द्रीय मंत्री तथा राजद के वरिष्ठ नेता रघुनाथ झा का नई दिल्ली स्थित एक अस्पताल में सोमवार को निधन हो गया। रघुनाथ झा के बेटे और दो बार राजद पार्टी से विधायक रहे अजित कुमार झा ने बताया कि बीती देर रात करीब डेढ़ बजे उनके पिता रघुनाथ झा ने दिल्ली स्थित राम मनोहर लोहिया अस्पताल में अंतिम सांसें लीं। वह 79 वर्ष के थे। उनके परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रघुनाथ झा के निधन पर गहरा शोक एवं दुख व्यक्त किया है।

केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा ने शोक प्रकट करते हुए कहा कि वरिष्ठ नेता, पूर्व केन्द्रीय मंत्री रघुनाथ झा को भावभीनी श्रद्धांजलि। ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति और शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूँ ।

वही बिहार कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा – बिहार के वरिष्ठ नेता,पूर्व केंद्रीय मंत्री, हमारे अभिभावक,  मित्र और शीर्ष नेता श्री रघुनाथ झा जी के निधन से मर्माहत हूँ।उनके निधन से बिहार को सामाजिक,राजनीतिक और मुझे व्यक्तिगत अपूरणीय क्षति हुई है।भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।