अपने तेजतर्रार और कई बार विवादास्पद रूप लेने वाले बयानों के लिए जाने जाने वाले गिरिराज सिंह को आज नरेन्द्र मोदी मंत्रिमंडल में शामिल कर लिया गया। वह भूमिहार समुदाय से हैं। भूमिहार समुदाय ने बिहार में पार्टी का समर्थन किया था और मंत्रिपरिषद में अभी तक नुमाइंदगी नहीं मिलने से यह समुदाय निराश महसूस कर रहा था।
नवादा से भाजपा के 62 वर्षीय सांसद ने लोकसभा चुनावों के दौरान यह कहकर पार्टी के लिए असहज स्थिति पैदा कर दी थी कि मोदी से नाखुश मुसलमानों को पाकिस्तान चले जाना चाहिए । इस पर पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार मोदी को उन्हें फटकार लगानी पड़ी थी।
लेकिन पहली बार सांसद चुने गए सिंह मोदी के लंबे समय से वफादार रहे हैं और मोदी के प्रति कथित शत्रु भाव रखने वाले प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से टकराव मोल लेते रहे हैं।
ऐसा माना जाता है कि अवांछित बयानों के लिए कुख्यात होने के बावजूद वह प्रधानमंत्री मोदी के प्रति अगाध श्रद्धा रखने के लिए उनके स्नेह के पात्र रहे हैं । जिस समय पार्टी में मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किए जाने की चर्चाएं चल रही थीं और पार्टी में इसे लेकर दो राय उभर रही थीं , तभी से सिंह मोदी के प्रति पूर्ण निष्ठा प्रदर्शित करते आए हैं।
बिहार विधान परिषद के सदस्य रहे सिंह की कषि और पशुपालन में विशेष रुचि है। सिंह को केंद्र में मंत्री बनाए जाने के बाद भाजपा को उम्मीद है कि वह बिहार में प्रभावशाली भूमिहार समुदाय को लुभाने में सफल होगी जहां अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं । हालांकि केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा भी एक भूमिहार हैं लेकिन वह उत्तर प्रदेश से हैं और बिहार में उनका बहुत कम प्रभाव है।
मोदी के मंत्रीमंडल में भूमिहार नेता गिरिराज सिंह
अच्छी खबर : भूमिहार समुदाय के लिए एक अच्छी खबर है. भूमिहार समाज से ताल्लुक रखने वाले ‘गिरिराज सिंह’ को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रीमंडल में जगह मिली है और आज उन्होंने राज्यमंत्री के रूप में शपथ ली. वैसे ये पहले से तय था कि बिहार चुनाव के मद्देनज़र एक भूमिहार चेहरे को मोदी मंत्रीमंडल में निश्चित तौर पर जगह मिलेगी.लेकिन नाम पर सस्पेंस था जो कि आज जाकर खत्म हुआ. गिरिराज सिंह प्रधानमंत्री मोदी के नजदीकी और प्रबल समर्थक माने जाते हैं. नरेंद्र मोदी के सबसे शुरूआती समर्थकों में गिरिराज सिंह को माना जाता है. गिरिराज सिंह को राज्यमंत्री बनने पर भूमिहार मंत्र की तरफ से बधाई. जय परशुराम.
पढ़िए गिरिराज सिंह के राज्यमंत्री बनने पर न्यूज़ एजेसी ‘भाषा’ की एक रिपोर्ट –




