आरा। बिहार में कथित भूस्वामियों की प्रतिबंधित रणवीर सेना के संस्थापक ब्रह्मेश्वर सिंह / मुखिया की तीन दिन पूर्व हत्या के मामले में पुलिस ने आज दो लोगों को हिरासत में लिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक मुखिया की हत्या के मामले में दो लोगों को आज आरा शहर स्थित एक ठिकाने से हिरासत में लिया गया। हिरासत में लेने के बाद दोनों व्यक्तियों से पुलिस एक गुप्त स्थान पर पूछताछ कर रही है। हालांकि जांच प्रभावित होने का हवाला देकर पुलिस इस संबंध में तत्काल विस्तार से कुछ भी बताने से इनकार कर रही है।
सूत्रों ने बताया कि मुखिया की हत्या के बाद से फरार चल रहे कुछ संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा रही है। मुखिया हत्या मामले की जांच के लिए गठित पुलिस की विशेष टीम संदिग्ध लोगों की धर-पकड़ के लिए आरा शहर और उसके आसपास के इलाकों में लगातार छापामारी कर रही है।
मालूम है कि तीन दिन पूर्व ब्रह्मेश्वर मुखिया की भोजपुर जिले के नवादा थाना के कतिरा मुहल्ला में अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।


