केंद्रीय लघु और सूक्ष्म उद्योग राज्यमंत्री गिरिराज सिंह का दावा है कि आगामी पांच सालों में सिर्फ खादी से पांच करोड़ लोगों को रोजगार मिलेगा. उन्होंने गुरुवार को कहा, ‘हमारी योजना केवीआईसी (खादी ग्रामोद्योग) में सौर ऊर्जा से चलने वाले कताई चक्के लाने की है। इससे अगले पांच सालों में देशभर में पांच करोड़ लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया जा सके।’

उन्होंने कहा, ‘मौजूदा समय में कुल कपड़ा उद्योग में खादी एक फीसदी से भी कम है। लेकिन बीते दो वर्षों में ठोस प्रयासों के चलते खादी उद्योग की सेल 35,000 करोड़ रुपये (2014 में) से बढ़कर 52,000 करोड़ रुपये हो गई है।’

गिरिराज सिंह ने कहा कि एमएसएमई मंत्रालय खादी ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठा रहा है। कयर उद्योग (नारियल के रेशे) के साथ-साथ खादी उद्योग सरकार के अजेंडा में शीर्ष पर हैं। सिंह ने कहा, ‘कई तरह की योजनाएं जैसे कि ब्याज सहायता देना, बाजार उन्नयन और विकास योजना के तहत वित्तीय सहायता, क्लस्टर आधारित विकास के अवसर और इसके साथ ही नए डिजाइनों को बढ़ावा देते हुए पब्लिक प्राइवेट पार्टनर्शिप योजनाओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

Community Journalism With Courage