गोपालगंज. भाजपा नेता कृष्णा शाही की पत्नी ने शांता शाही ने अपने पति की हत्या के पीछे गहरी साजिश की आशंका जताते हुए सीबीआई जांच की मांग की है. उन्होंने एक चैनल से बातचीत में कहा कि, ‘मुझे गोपालगंज जिला प्रशासन के जांच रिपोर्ट पर कोई भरोसा नहीं है. मुझे इंसाफ दिलाइए, मेरे गंगा जैसे पवित्र पति की हत्या की जांच सीबीआई से कराइए.’ 
उन्होंने कहा है कि मेरे पति कृष्णा शाही के हत्या का आरोपी आदित्य राय द्वारा लगाया गया आरोप बेबुनियाद और गलत है. आरोपी मेरे यहां बचपन से रहता था, उसके परिवार के साथ काफी गहरा लगाव था। उनके अधिकतर कामों को वही देखता था। पैसे का लेन देन भी वही देखता था। उन्होंने कहा है कि मेरे पति को उसपर काफी विश्वास था. 15 लाख रुपए घर बनवाने से लेकर उसके और उसकी बहन की शादी करवाने तक बतौर कर्ज उन्होंने दिया था. 
शांता कहती है कि उन्हें किसी पर भरोसा नहीं है. सिर्फ मीडिया पर ही भरोसा है। उनके पति की मौत की जांच होनी चाहिए। क्योंकि उनके परिवार को जदयू विधायक अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय उर्फ़ पप्पू पाण्डेय उनके भाई सतीश पाण्डेय और भतीजा मुकेश पाण्डेय से खतरा है. 
गौरतलब है कि 19 जुलाई को बीजेपी के व्यावसायिक सेल के प्रदेश प्रभारी कृष्णा शाही की हत्या कर उनके शव को फुलवरिया के मांझा गांव के कुएं में फेंक दिया गया था. बाद में हत्याकांड के मुख्य आरोपी के रूप में आदित्य राय को गिरफ्तार किया और हत्या के पीछे अवैध संबंध की बात सामने आयी. 
गिरफ्तार आदित्य राय के मुताबिक उसकी बहन से बीजेपी नेता के अवैध सम्बन्ध थे और इसी वजह से उसने कृष्णा शाही के खाने में जहर मिलकर उनकी हत्या कर दी.

Community Journalism With Courage