पटना. लंबी चुप्पी को तोड़ते हुए मोकामा के विधायक अनंत सिंह आज लालू यादव एंड फैमिली पर जमकर बोले और तेजस्वी यादव को ललकारने वाले अंदाज़ में उनके खिलाफ चुनाव लड़ने की चुनौती भी दे डाली.अनंत सिंह ने कहा कि लालू परिवार का एक ही लक्ष्य है जनता के पैसे को लूटना. उन्होंने कहा कि लालू पटना के मेरे मॉल में हिस्सा मांगते थे जब मैंने हिस्सा देने से इंकार किया तो मेरे उपर तरह-तरह के केस लाद दिये गये. उन्होंने ये बातें पटना में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही.इसी प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने लालू यादव के बेटों को उनके खिलाफ चुनाव में उतरने के लिए भी ललकारा. उन्होंने कहा कि अगर लालू में दम है तो परिवार में से किसी बेटे को इस्तीफा दिलवा कर चुनाव में उतारें. अनंत ने कहा कि मैं भी इस्तीफा दूंगा और फिर उनके खिलाफ चुनाव लड़ूंगा. निर्दलीय विधायक ने कहा कि मैं राघोपुर से भी तेजस्वी के खिलाफ चुनाव लड़ने को तैयार हूं और चुनाव लड़ने के बाद उन्हें पता चल जाएगा जनता किसके साथ है. अनंत सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि लालू प्रसाद ने मुझसे मेरी कमाई का आधा हिस्सा मांगा था. मैंने बालू के कारोबार में हाथ आजमाने की कोशिश की तो मुझे रोकने की हर संभव कोशिश की गई.
Community Journalism With Courage


