सुधीर शर्मा की नज़र में नित्यानंद राय अपराधी, बिहार भाजपा में क्लेश
पटना. बिहार भाजपा की नयी समिति को लेकर पार्टी का अंतर्कलह अब खुलकर सामने आ गया है. बुधवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता ‘सुधीर शर्मा’ ने प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय पर कई आरोप लगाये और उन्हें भूमिहार विरोधी करार दिया. इस बाबत उन्होंने पटना के पाटलिपुत्र होटल में बाकायदा एक प्रेस कांफ्रेंस कर पत्रकारों के सामने अपनी बात रखी. पढ़िए उन्होंने क्या-क्या आरोप लगाये. यदि ये आरोप सही है तो वाकई मसला गंभीर है –
नित्यानंद राय पर सुधीर शर्मा के आरोप –
1- नित्यानंद राय ने पार्टी की समिति नहीं ‘गिरोह’ का गठन किया है जिसमें समर्पित पार्टी कार्यकर्ताओं को नज़रंदाज़ कर ऐसे लोगों को तरजीह दी गयी है जो दूसरे दलों के लिए काम करते हैं.दरअसल उनकी काम करने की पूरी शैली आपराधिक सरगना की तरह है.वे मनमाने तरीके से पार्टी को चला रहे हैं.
2-नित्यानंद राय घनघोर भूमिहार विरोधी हैं . वे कहते रहे हैं कि भूमिहार रावण के वंशज रहे हैं, जिनका गोत्र कश्यप रहा है . मंगल पांडेय के अध्यक्ष बनने के वक़्त जब उन्होंने यह बात मेरे सामने कही थी,तब हमने डांट के साथ कहा था कि इतिहास सुधारिये,कहाँ से गलत-सलत पढ़कर आये हैं . वे इतने घनघोर भूमिहार विरोधी थे कि पार्टी के वरिष्ठ नेता नंदकिशोर यादव को समझाना पड़ा था . अब जब अपने हाथ इनके मौका आ गया,तो चुन-चुन कर बदला ले रहे हैं . यह ठीक बात नहीं है .
3- नित्यानंद राय का खुद का जनाधार नहीं है तो वे बिहार भाजपा के तारणहार कैसे बनेंगे? उनके लोकसभा क्षेत्र उजियारपुर के विधान सभा क्षेत्रों में भाजपा की सबसे खराब हालत रही . किसी भी विधान सभा क्षेत्र में भाजपा 29 हजार से कम वोट से नहीं हारी .
4- नित्यानंद राय ने नयी समिति बदले की भावना को ध्यान में रखकर बनायी है. सर झुकाकर बात करने वालों को तरजीह दी गयी है. ये आपराधिक मानसिकता का परिचायक है. ऐसे ही चला तो वे बिहार में भाजपा की लुटिया डुबो देंगे.
5-नित्यानंद राय रेलवे के ठेकेदार हैं और उनके पास अरबों रूपये की संपत्ति है.उनकी पृष्ठभूमि आपराधिक रही है जो भाजपा के लिए ठीक नहीं.


