राज्यपाल रामनाथ कोविन्द ने राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती के मौके पर कहा कि आधुनिक बिहार के निर्माण में श्रीकृष्ण बाबू की अद्वितीय भूमिका रही है। वे एक महान राजनेता थे, जिनके जीवन और सिद्धांत में कोई विरोधाभास नहीं था। 
श्री कोविन्द श्रीकृष्ण ज्ञान मंदिर एवं श्रीकृष्ण विज्ञान केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में विज्ञान केंद्र परिसर में आयोजित जयंती समारोह को संबोधित कर रहे थे। 
पूर्व केंद्रीय मंत्री ललितेश्वर प्रसाद शाही ने कहा कि श्रीबाबू ने देशप्रेम की भावना प्रबल थी। उनकी राजनीति त्याग, तपस्या और दूरदर्शिता पर आधारित थी। 
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री विश्वमोहन शर्मा, जितेंद्र पासवान, श्रीकांत सत्यदर्शी, डॉ. मृदुला मिश्र ने भी विचार रखे। समारोह में राज्यपाल ने स्कूली बच्चों एवं शिक्षण संस्थाओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया और आपदा-प्रबंधन विषयक प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया। 
प्रकाश कुमार ने स्वागत किया और धन्यवाद ज्ञापन श्रीकृष्ण विज्ञान केंद्र के परियोजना समन्वयक पी मुखोपाध्याय ने किया। (स्रोत-हिन्दुस्तान)